मेरठ रेंज में 969 किलोमीटर के 28 कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
राजकुमार
- 23 Jul 2026, 06:44 PM
- Updated: 06:44 PM
मेरठ(उप्र), 23 जुलाई (भाषा) श्रावण मास की कांवड़ यात्रा सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ रेंज में 969 किलोमीटर लंबे 28 प्रमुख कांवड़ मार्गों पर व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए गए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने बृहस्पतिवार को बताया कि कांवड़ मार्गों पर 148 'बैरियर' लगाये जायेंगे, जबकि 32 प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और 12 श्रावण मेलों के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।
डीआईजी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों, नदियों और नहरों पर 157 नाव तथा 139 प्रशिक्षित गोताखोर तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रजघाट समेत सभी प्रमुख घाटों पर जल पुलिस, 'फ्लड कंपनी' तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रहेंगी तथा उनकी निगरानी नियंत्रण कक्ष तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि घाटों पर 'डबल बैरिकेडिंग', संकेतक बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, नियंत्रण कक्ष, खोया-पाया केंद्र, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) और 'वॉच टावर' की व्यवस्था की गई है ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
डीआईजी ने सभी संबंधित जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नहर और नदी के आसपास स्थित पुलिस चौकियों एवं पुलिस मोबाइल वाहनों में भी 'लाइफ जैकेट' रखी जाए।
पुलिस के अनुसार मेरठ जिले में सात प्रमुख कांवड़ मार्गों की कुल लंबाई 228 किलोमीटर है, जहां 26 'बैरियर' लगाए जाएंगे। जिले के 13 प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक होगा और तीन श्रावण मेले आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर में 446 किलोमीटर लंबे 10 प्रमुख कांवड़ मार्गों पर 65 'बैरियर' लगाए जाएंगे। जिले के 10 प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक तथा पांच श्रावण मेलों का आयोजन होगा।
पुलिस के अनुसार बागपत में 164 किलोमीटर लंबे छह प्रमुख कांवड़ मार्गों पर 51 'बैरियर' स्थापित किए जाएंगे। यहां एक प्रमुख शिव मंदिर में जलाभिषेक और एक श्रावण मेले का आयोजन होगा।
पुलिस के मुताबिक हापुड़ जिले में 131 किलोमीटर लंबे पांच प्रमुख कांवड़ मार्गों पर छह 'बैरियर' लगाए जाएंगे। जिले के आठ प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक और तीन श्रावण मेले आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि घाटों पर तैनाती के तहत मेरठ में 12 नाव और 35 गोताखोर, बुलंदशहर में 37 नाव और 58 गोताखोर, बागपत में आठ नाव और 20 गोताखोर तथा हापुड़ में 100 नाव और 26 गोताखोर तैनात किए जाएंगे।
भाषा सं जफर
संतोष राजकुमार
राजकुमार
2307 1844 मेरठ