केंद्रीय बजट में तेलंगाना की 'उपेक्षा' की गई: उपमुख्यमंत्री विक्रमार्क
सुरेश
- 01 Feb 2026, 08:39 PM
- Updated: 08:39 PM
हैदराबाद, एक फरवरी (भाषा) तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश केंद्रीय बजट में राज्य की 'उपेक्षा' की गई है।
विक्रमार्क ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार को उम्मीद थी कि बजट में तेलंगाना के लिए कुछ प्रावधान होंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार, 2047 तक 'विकसित भारत' का केंद्र सरकार का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मिलकर काम करना चाहती है और उसने 3000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने लक्ष्य हासिल करने की दिशा में कई क्षेत्रों के लिए बजटीय आवंटन करते समय तेलंगाना की पूरी तरह से 'उपेक्षा' की है।
विक्रमार्क ने कहा, ''तेलंगाना के लोग राज्य के प्रति केंद्र सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये को देख रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ-साथ राज्य के मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी और संसद सदस्यों के साथ एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में तेलंगाना में चल रही विभिन्न परियोजनाओं के लिए धन आवंटित करने का अनुरोध किया था।
विक्रमार्क ने कहा, ''हमें उम्मीद थी कि मूसी नदी के पुनरुद्धार, क्षेत्रीय रिंग रोड और मेट्रो रेल जैसी परियोजनाओं को बजट में शामिल किया जाएगा, लेकिन किसी भी परियोजना के लिए आवंटन नहीं किया गया।''
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दावा किया है कि वह जैव-फार्मा क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है और इसमें कम से कम तेलंगाना को शामिल किया जाना चाहिए था, लेकिन उस क्षेत्र में भी कुछ नहीं दिया गया।
विक्रमार्क ने कहा कि रासायनिक पार्कों की घोषणा में भी हैदराबाद का जिक्र नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ''उन्होंने (वित्त मंत्री ने) एक क्षेत्रीय चिकित्सा केंद्र का जिक्र किया, लेकिन उसमें भी तेलंगाना का नाम नदारद है। मूसी नदी के पुनरुद्धार के लिए हमने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की तथा समर्थन की उम्मीद की, लेकिन कुछ नहीं हुआ।''
विक्रमार्क ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र के लिए भी राज्य को कोई धनराशि आवंटित नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यटन की अपार संभावनाओं के बावजूद केंद्र ने तेलंगाना की अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भी केंद्र ने तेलंगाना के प्रस्तावों पर विचार करने की बात कही गई है, लेकिन बजट में इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की गई है।
विक्रमार्क ने कहा कि राज्य के सांसद सीतारमण से मिलेंगे और तेलंगाना के लिए बजट आवंटन की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र पर पार्टी लाइन से परे दबाव होना चाहिए।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
0102 2039 हैदराबाद