रियल एस्टेट कारोबारी की मौत के मामले में एसआईटी ने जांच शुरू की : कर्नाटक के गृह मंत्री
दिलीप
- 01 Feb 2026, 08:42 PM
- Updated: 08:42 PM
बेंगलुरु, एक फरवरी (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने रविवार को कहा कि बेंगलुरु में रियल एस्टेट कारोबारी सी. जे. रॉय की मौत के मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है।
इस बीच, रियल एस्टेट कारोबारी रॉय का अंतिम संस्कार रविवार को परिवार के सदस्यों और दोस्तों की उपस्थिति में किया गया।
उन्होंने 30 जनवरी को अपने परिसर में आयकर विभाग की छापेमारी के बीच, कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।
सूत्रों के अनुसार, केरल के मूल निवासी रॉय की अंत्येष्टि उनकी इच्छा के अनुसार यहां बनरघट्टा के पास कॉन्फिडेंट कैस्केड में की गई।
परमेश्वर ने रॉय की मौत की जांच से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा, ''संयुक्त पुलिस आयुक्त वामशी कृष्णा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने कल से ही जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने तक हम कुछ नहीं कह सकते, अन्यथा यह अटकलबाजी होगी, निश्चित जानकारी नहीं। इसलिए हमें इंतजार करना होगा।''
कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा आईटी, ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का केंद्र सरकार द्वारा दुरुपयोग किये जाने के आरोपों और केरल में होने वाले आगामी चुनावों से इसके संभावित संबंधों के सवाल पर उन्होंने कहा, ''बिना जानकारी या तथ्य जाने हम कुछ नहीं कह सकते। जांच रिपोर्ट आने दीजिए, उसके बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा।''
रॉय की मौत के संबंध में अशोक नगर पुलिस थाने में अस्वाभाविक मृत्यु की रिपोर्ट (यूडीआर) दर्ज की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रॉय ने बेंगलुरु स्थित अपने कार्यालय में आयकर विभाग की टीम द्वारा तलाशी के दौरान खुद को कथित तौर पर गोली मार ली थी।
उनके भाई सी जे बाबू ने शनिवार को दावा किया था कि आयकर विभाग की कार्यवाही के कारण रॉय दबाव में थे।
बाबू ने रविवार को अपने भाई के अंतिम संस्कार के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने आखिरी बार उनसे 30 जनवरी की सुबह बात की थी, क्योंकि रॉय ने उन्हें फोन करके पूछा था कि वह थाईलैंड से कब लौटेंगे, और बातचीत के दौरान उन्होंने आईटी छापों के बारे में कुछ भी नहीं बताया था।
रियल स्टेट कारोबारी के बेटे रोहित ने कहा, ''जो कुछ हुआ उसे शब्दों में बयां करना मेरे लिए मुश्किल है। मुझे ठीक से पता नहीं कि इसका कारण क्या था। आज अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मैं सभी का धन्यवाद करता हूं और उनके जीवित रहने के दौरान और आज उनके साथ रहने के लिए मीडिया का भी धन्यवाद करता हूं... मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है, क्योंकि जो कुछ हुआ है, उसे समझने की मैं कोशिश कर रहा हूं...।''
इस बीच, भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने रियल स्टेट कारोबारी की मौत पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सरकार द्वारा जल्दबाजी में एसआईटी का गठन किये जाने पर संदेह व्यक्त किया। भाजपा नेता ने उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सहित कुछ कांग्रेस नेताओं के कथित आचरण पर भी सवाल उठाए।
भाषा सुभाष दिलीप
दिलीप
0102 2042 बेंगलुरु