ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी से मुलाकात की
मोना
- 09 Jun 2026, 05:59 PM
- Updated: 05:59 PM
चंडीगढ़, नौ जून (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइकल क्लार्क ने सोमवार को यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की और क्रिकेट के विकास, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहभागिता बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद क्लार्क ने दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत रिश्ते हैं, जिन्हें खेल और लोगों के आपसी संपर्क के माध्यम से और सुदृढ़ किया जा सकता है।
हरियाणा सरकार की ओर से जारी बयान में क्लार्क ने कहा, ''हरियाणा ने कई बेहतरीन खिलाड़ियों को देश-दुनिया को दिये हैं और यहां खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। मेरा मानना है कि आने वाले वर्षों में यह राज्य और भी कई उत्कृष्ट क्रिकेटरों को तैयार करने की क्षमता रखता है।''
क्लार्क ने हरियाणा में अधिक समय बिताने और युवा क्रिकेटरों के विकास में योगदान देने की इच्छा भी व्यक्त की।
बयान के मुताबिक, उन्होंने भविष्य में राज्य में क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की संभावना तलाशने में भी रुचि दिखाई।
उन्होंने कहा, '' मैं ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ियों को भारत लाता रहा हूं और मेरी इच्छा है कि भारत के युवा खिलाड़ियों को भी ऑस्ट्रेलिया जाने के अवसर मिलें। ऐसे आदान-प्रदान से युवा क्रिकेटरों को अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने और सीखने का मौका मिलेगा तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्राप्त होगा।''
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और क्लार्क ने क्रिकेट भी खेला। मुख्यमंत्री आवास के लॉन में सैनी ने बल्लेबाजी का हाथ आजमाया जबकि क्लार्क ने गेंदबाजी की। इस दौरान सैनी एक बड़ा शॉट लगाया।
क्लार्क वर्ष 2011 से 2015 के बीच ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट और एकदिवसीय टीम के कप्तान रह चुके हैं।
पैतालीस साल का यह पूर्व दिग्गज पंजाब के मुल्लांपुर में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच की कमेंट्री के सिलसिले में चंडीगढ़ में था ।
भारत ने सोमवार को मैच के तीसरे दिन अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की।
बयान के मुताबिक क्लार्क ने कहा, ''मुख्यमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लगा। क्रिकेट के प्रति उनका प्रेम और जुनून सराहनीय है। मैंने उन्हें एक गेंद डाली और उन्होंने उस पर शानदार छक्का जड़ दिया।''
क्लार्क का स्वागत करते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने और युवा खिलाड़ियों को सर्वोच्च स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ''अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों के साथ संवाद से उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है और राज्य में खेलों के विकास को भी बढ़ावा मिलता है।''
भाषा
आनन्द मोना
मोना
0906 1759 चंडीगढ़