विपक्ष बाढ़ राहत कार्यों का राजनीतिकरण न करे: केरल के मंत्री विष्णुनाथ
पवनेश
- 07 Aug 2026, 03:46 PM
- Updated: 03:46 PM
कोझिकोड (केरल), सात अगस्त (भाषा) केरल के पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाथ ने शुक्रवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक के. यू. जेनिश कुमार के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें उन्होंने कहा था कि राहत कार्यों के समन्वय के दौरान वे पत्तनमथिट्ठा में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने में विफल रहे। मंत्री ने कहा कि आलोचना बेबुनियाद है और यह आपदा के समय "गंदी राजनीति" करने जैसा है।
मंत्री, कोन्नी के विधायक के. यू. जेनिश कुमार के उस आरोप पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने सिर्फ तालुक कार्यालय में समीक्षा बैठकें कीं और प्रभावित इलाकों का दौरा नहीं किया।
आलोचना को "गंदी राजनीति" करार देते हुए विष्णुनाथ ने कहा कि राहत कार्य चलाए जाने के दौरान ऐसे आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा, "मैं बस यह कह रहा हूं कि हम राजनीति में हैं और आरोप-प्रत्यारोप तो हमेशा लगते रहेंगे। लेकिन ऐसे आरोप लगाते समय कम से कम इंसानियत का खयाल रखा जाना चाहिए। मुझे बस यही कहना है। अगर वह इससे असहमत हैं, तो वे इसका खंडन कर सकते हैं।"
मंत्री ने कहा कि यह समय आरोप-प्रत्यारोप या पिछली घटनाओं की तुलना करने का नहीं है।
उन्होंने कहा, "वरना, हम यह भी पूछ सकते हैं कि क्या पहले मुख्यमंत्री हर जगह गए थे। लेकिन लोग ऐसे समय में ऐसी छोटी-मोटी बहस नहीं चाहते। वे शिविरों में तकलीफ झेल रहे हैं। किसी को भी राहत शिविर में रहना पसंद नहीं होता। अगर मुमकिन हो, तो हर कोई अपने घर में ही रहना पसंद करता है।"
उनके अनुसार, जब लोग राहत शिविरों में रह रहे हों, तो यह समय नेताओं के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष की बात करने या इस बात का बखान करने का नहीं है कि उन्होंने क्या किया और दूसरे क्या करने में नाकाम रहे।
उन्होंने कहा, "सही समय आने दीजिए, तब हम उन सभी पर चर्चा कर सकते हैं।"
मंत्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह एक अगस्त को पत्तनमथिट्ठा पहुंचे थे और कुमार के साथ राहत शिविरों का दौरा किया था।
उन्होंने कहा, "बाढ़ प्रभावित इलाकों के आकलन के आधार पर मंत्रिमंडल ने फसल नुकसान के मुआवजे में 25 प्रतिशत वृद्धि का फैसला किया। कई वर्षों में पहली बार इस तरह की वृद्धि की गई है।"
मंत्री ने कहा कि उन्होंने बचाव कार्यों में मदद के लिए अपने गृह जिले कोल्लम से अनुभवी मछुआरों वाली 14 मछली पकड़ने वाली नौकाएं भी उपलब्ध कराई हैं।
उन्होंने कहा, ''ये नौकाएं रात में पहुंचीं और सैकड़ों लोगों को बचाया गया। बिजली नहीं थी और बेहद कठिन परिस्थितियों में पूरी रात बचाव अभियान जारी रहा।''
मुख्यमंत्री के केवल चुनिंदा शिविरों का दौरा करने के आरोप के संबंध में, विष्णुनाथ ने कहा कि वी.डी. सतीशन ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच कोई भेद नहीं किया था।
मंत्री ने कहा, "अदूर विधानसभा क्षेत्र में भी एक शिविर है; वह वहां भी नहीं गए। वह कोन्मी भी नहीं गए। इसके बजाय, उन्होंने उन तीन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया जो सबसे अधिक कठिनाई का सामना कर रहे हैं और जहां सबसे ज़्यादा प्रभावित शिविर हैं।''
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश
0708 1546 कोझिकोड