अमित शाह बंगाल में कानून-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, डेयरी परियोजना की आधारशिला रखेंगे
रंजन
- 19 Jul 2026, 10:20 AM
- Updated: 10:20 AM
कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को पश्चिम बंगाल में अमूल बंगाल डेयरी परियोजना के तहत स्थापित किए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े दही उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी है।
इस कार्यक्रम से पहले शाह पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
हाल ही में पारित पश्चिम बंगाल सार्वजनिक सुरक्षा एवं असामाजिक गतिविधि नियंत्रण अधिनियम, 2026 के मद्देनजर यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आम तौर पर 'एंटी-गुंडा' कानून के नाम से पहचाने जाने वाले इस कानून के तहत संगठित अपराध और सार्वजनिक अव्यवस्था पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को व्यापक अधिकार दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राजनीतिक हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई की बात कही है।
शाह कोलकाता के अलीपुर स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय परिसर में नवनिर्मित 'वर्ड म्यूजियम' का उद्घाटन भी करेंगे।
अमूल परियोजना के लिए आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम के साथ शाह के राज्य के तीन दिवसीय दौरे का समापन होगा। शनिवार को उन्होंने सिलीगुड़ी में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक चौकी का दौरा कर सीमा सुरक्षा की समीक्षा की थी। इसके अलावा उन्होंने उत्तर बंगाल सचिवालय शाखा में कई प्रशासनिक बैठकें भी की थीं।
करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से हावड़ा फूड पार्क में स्थापित की जा रही इस डेयरी परियोजना के पूरा होने पर प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण की क्षमता होगी।
बयान के अनुसार, यह संयंत्र प्रतिदिन लगभग 1,000 मीट्रिक टन यानी 10 लाख किलोग्राम दही और अन्य संवर्धित दुग्ध उत्पादों का उत्पादन करने में सक्षम होगा।
प्रस्तावित संयंत्र में प्रतिदिन 10 लाख लीटर दूध की पैकेजिंग, दो लाख लीटर यूएचटी (अल्ट्रा हाई टेम्परेचर) दूध का प्रसंस्करण, एक लाख लीटर आइसक्रीम का उत्पादन, 20 मीट्रिक टन पनीर, 10-10 मीट्रिक टन घी और मिठाइयों का निर्माण तथा करीब ढाई लाख डिब्बाबंद 'फ्लेवर्ड' दूध का उत्पादन भी किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में इस समय 30,000 से अधिक महिलाओं सहित 1.25 लाख से ज्यादा दुग्ध उत्पादक किसान अमूल के सहकारी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। राज्य से प्रतिदिन लगभग नौ लाख लीटर दूध की खरीद की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान शाह केंद्र सरकार की श्वेत क्रांति 2.0 पहल के तहत गठित 200 से अधिक नई दुग्ध सहकारी समितियों तथा नवपंजीकृत 11 बहुउद्देश्यीय ग्रामीण सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे।
वह पश्चिम बंगाल में सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार कार्यालय के कंप्यूटरीकरण के लिए ई-आरसीएस पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे। इस पोर्टल का उद्देश्य सहकारी समितियों के पंजीकरण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण करना है।
शाह 10 जिलों में 1,400 मीट्रिक टन की कुल भंडारण क्षमता वाले 14 गोदामों की आधारशिला भी रखेंगे। इन गोदामों का निर्माण लगभग 5.98 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
इसके अलावा वह दक्षिण 24 परगना और कूचबिहार में 100-100 मीट्रिक टन क्षमता वाले दो भंडारण गोदामों का उद्घाटन भी करेंगे, जिनका निर्माण 73.61 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
बयान में कहा गया है कि राज्य में परिवहन सेवाओं के विस्तार के लिए भारत टैक्सी और पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
भाषा गोला रंजन
रंजन
1907 1020 कोलकाता