जब भी अपने ऊपर संदेह होता है, नेहरा सर की मदद लेता हूं: अशोक
मोना
- 21 Jul 2026, 03:29 PM
- Updated: 03:29 PM
हरारे, 21 जुलाई (भाषा) अशोक शर्मा ने भले ही गुजरात टाइटन्स के लिए सिर्फ छह आईपीएल मैच खेले हों लेकिन मुख्य कोच आशीष नेहरा के मार्गदर्शन ने इस तेज गेंदबाज को एक मजबूत हथियार के तौर पर उभरने में मदद की है और वह तीन मैच की आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हैं।
पहला मैच बृहस्पतिवार को यहां खेला जाएगा।
पिछले महीने 24 बरस के होने वाले अशोक ने 'जियोस्टार'को बताया, ''जब भी मैं भरोसे की बात करता हूं तो मुझे (आशीष) नेहरा सर याद आते हैं। मैं हर संदेह के साथ उनके पास जाता था। जब भी मुझे खुद पर संदेह होता था या कुछ पूछना होता था तो मैं उनसे बात करता था।''
उन्होंने कहा, ''उन्होंने (नेहरा ने) एक बार मेरे से कहा था, 'अगर तुम आधी रात को भी मेरे पास कोई सवाल लेकर आओगे तो भी मैं तुम्हारे लिए तैयार रहूंगा।' इसलिए जब भी मुझे कोई संदेह होता था, चाहे वह किसी गेंद के बारे में हो या मेरी गेंदबाजी से जुड़ी किसी भी चीज के बारे में तो मैं उनके पास जाता था।''
भारत के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक अशोक ने कहा, ''मैं के बाद मैं उनके बारे में जाता और अपनी गेंदबाजी के वीडियो देखता। मैं उनसे पूछता कि मैं और क्या बेहतर कर सकता हूं और मुझे किस चीज पर काम करने की जरूरत है। मैं उन्हें अपना मार्गदर्शक (मेंटर) मानता हूं। इस आईपीएल सत्र में मैंने उनसे काफी कुछ सीखा है और उन्होंने मेरी काफी मदद की।''
अशोक ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मोटेरा में हुए आईपीएल मैच में गुजरात टाइटन्स के लिए 154.2 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से एक गेंद फेंकी और उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने का भरोसा है लेकिन उनका लक्ष्य भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है।
राजस्थान के लिए चार रणजी मैच में 14 विकेट चटकाने वाले अशोक ने कहाप, ''मेरा पहला लक्ष्य भारत के लिए पदार्पण करन है। मैं इस लम्हें का इंतजार कर रहा हूं, भारत की जर्सी पहनने का और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का। अब मैं जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रृंखला के लिए टीम में हूं तो मेरा लक्ष्य अधिक से अधिक विकेट लेना और अधिक से अधिक मैच खेलने का प्रयास करना है। मैं मौके का फायदा उठाना चाहता हूं।''
उन्होंने कहा, ''इसके बाद मेरा अगला लक्ष्य जितना जल्दी संभव हो भारत के लिए लाल गेंद का क्रिकेट खेलना है।''
अन्य कई तेज गेंदबाजों की तरह अशोक के आदर्श भी दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन हैं।
भाषा सुधीर मोना
मोना
2107 1529 हरारे