मुंबई में प्रदर्शन की प्रतीक बनी महिला, प्रदर्शनकारियों को ले जा रहे पुलिस वाहन का रोका रास्ता
पवनेश
- 23 Jul 2026, 04:13 PM
- Updated: 04:13 PM
(अरुंधति पट्टाभिरामन)
मुंबई, 23 जुलाई (भाषा) नीट पेपर लीक को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (कॉजपा) के आंदोलन के समर्थन में मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शन में तेज बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस वैन के सामने सड़क पर बिना डरे अपनी बाहें फैलाकर उसे रोकने के लिये डटकर खड़ी एक युवती की तस्वीर प्रतिरोध की सबसे मुखर तस्वीरों में से एक बन गयी है।
दिल्ली में परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर कॉजपा का विरोध-प्रदर्शन जोरों पर है, वहीं देश की आर्थिक राजधानी में युवा इसके समर्थन में सड़कों पर उतरे और 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कथित बर्बरता की निंदा की।
प्रदर्शन के व्यापक रूप से प्रसारित हुए वीडियो में, सलेटी रंग की हुडी पहनी एक युवती हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जा रही पुलिस की गाड़ी को रोकती हुई नजर आ रही है, जबकि साथ के प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे हैं, जिससे व्यस्त सड़क पर यातायात पूरी तरह से रुक गया।
स्थानीय संवाददाताओं से बात करते हुए युवती कहती है, "मैं समझती हूं कि वे अपना काम कर रहे हैं लेकिन वे इसे जिम्मेदारी से नहीं कर रहे हैं। अगर वे जिम्मेदारी से काम नहीं करेंगे तो हमें अपने नागरिकों की जिम्मेदारी लेनी होगी।"
उन्होंने कहा, "मैं कोई छात्र नहीं हूं, न ही मेरे पिता किसान हैं और न ही मैं। मैं दलित या ओबीसी समुदाय से भी नहीं हूं, लेकिन उन्होंने (दिल्ली में) छात्रों के साथ जो किया, वह गलत है। उन्हें अपनी हरकतों की जिम्मेदारी लेनी होगी।" युवती ने सवाल उठाया कि अगर दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को संसद तक नहीं पहुंचने दिया गया, तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को प्रदर्शन स्थल पर उनसे मिलने से किस चीज ने रोका?
रिया नाम की यह युवती उसके इंस्टाग्राम बायो के अनुसार एक अभिनेत्री, मॉडल और उद्यमी है। इंस्टाग्राम पर उसके करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं और वह म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी है। वह 'दिलबरा' म्यूजिक वीडियो में भी दिखी थी।
मुंबई में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान उसका यह कदम सबसे अहम पलों में से एक साबित हुआ, वहीं एक और व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में कुछ युवकों का एक समूह पुलिस वैन के पीछे-पीछे जाते और हिरासत में लिए गए अपने साथी प्रदर्शनकारियों को छुड़ाने के लिए बाहर से वैन का पिछला दरवाजा खोलते हुए नजर आया, जिसके बाद वे साथी चलती गाड़ी से बाहर निकल आए।
परीक्षा में गड़बड़ियों और दिल्ली में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में राजनीतिक दलों, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन बारिश की परवाह किए बिना सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया।
मुंबई पुलिस ने 18 जुलाई से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के सिलसिले में गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में 13 प्राथमिकी दर्ज की हैं और 400 लोगों पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि शिवाजी पार्क, चैत्यभूमि, चेंबूर और शिवसेना भवन समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किए गए, लेकिन इसके लिए कोई इजाजत नहीं ली गई थी।
सोशल मीडिया मंचों पर भी विरोध प्रदर्शनों के दौरान दिल को छू लेने वाले पल देखने को मिले। एक वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारी बारिश में मार्च करते हुए दिखे, जबकि पास की चालों की बालकनियों से बुज़ुर्ग उनका हौसला बढ़ा रहे थे।
एक और वीडियो, जो कथित तौर पर दादर के मध्य उपनगर में शूट किया गया था, में प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ को स्कूल बस की ओर जा रहे बच्चों के लिए सम्मानपूर्वक रास्ता बनाते हुए देखा गया।
मुंबई पुलिस ने शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था में खलल पड़ने की आशंका के चलते 23 जुलाई से छह अगस्त तक सार्वजनिक स्थानों पर पांच या उससे ज़्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगाने वाले आदेश जारी किए हैं।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश
2307 1613 मुंबई